सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले जा रहे आईपीएल 2026 के मुकाबले में ईशान किशन शानदार शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन संदीप शर्मा ने उनकी पारी पर अचानक ब्रेक लगा दिया। अपनी ही गेंद पर कैच लेते वक्त संदीप की टक्कर विकेटकीपर ध्रुव जुरेल से भी हो गई, लेकिन फिर भी उन्होंने गेंद को नहीं छोड़ा और ईशान की शानदार पारी यहीं खत्म हो गई।
आईपीएल 2026 के 21वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत खराब रही थी, जब अभिषेक शर्मा पहली ही गेंद पर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान ईशान किशन क्रीज पर आए और उन्होंने हेनरिक क्लासेन के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 39 गेंदों में 88 रन की शानदार साझेदारी हुई।
ईशान किशन इस दौरान जबरदस्त लय में नजर आ रहे थे। उन्होंने सिर्फ 43 गेंदों में 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 91 रन बना लिए थे और उनका शतक लगभग तय लग रहा था। लेकिन तभी पारी के 14वें ओवर में मैच का टर्निंग पॉइंट आ गया। संदीप शर्मा ने इस ओवर की दूसरी गेंद में एक स्लोअर और शॉर्ट गेंद ऑफ स्टंप के बाहर डाली। ईशान ने इस पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद ठिक से टाइम नहीं हुई और हवा में ऊंची चली गई।