Sanju Samson and Varun Chakaravarthy Play Pen Fight Game: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी मैनचेस्टर रवाना हुए। इसी दौरान टीम बस के अंदर का एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया, जिसमें विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और स्पिनर वरुण चक्रवर्ती स्कूल के दिनों का मशहूर पेन फाइट गेम खेलते नजर आए।
यह वीडियो गुरुवार (2 जुलाई) को चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं। पेन फाइट स्कूल और कॉलेज के दिनों का बेहद लोकप्रिय खेल रहा है। इसमें दो खिलाड़ी अपनी-अपनी पेन को सामने रखकर उंगली से फ्लिक मारते हैं और कोशिश करते हैं कि सामने वाले की पेन नीचे गिर जाए। जो ऐसा करने में सफल रहता है, वही गेम जीतता है।
वीडियो में भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। संजू सैमसन इस खेल के दौरान शानदार फ्लिक मारकर दो-तीन बार वरुण चक्रवर्ती की पेन को नीचे गिरा देते हैं। दोनों खिलाड़ियों की यह हल्की-फुल्की मस्ती फैंस को खूब पसंद आ रही है। यह वीडियो इस बात की भी झलक देता है कि बड़े मुकाबलों के बीच भारतीय खिलाड़ी किस तरह हंसी-मजाक और छोटे-छोटे खेलों के जरिए खुद को रिलैक्स रखते हैं।