भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेले जा रहे आखिरी टी20 मुकाबले में संजू सैमसन ने एक खास मालइलस्टोन अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद में सिर्फ 5 रन बनाते ही उन्होंने टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए 1000 रन पूरे कर लिए। इस उपलब्धि के साथ संजू एक खास क्लब में शामिल हो गए हैं।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला शुक्रवार, 19 दिसंबर को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया। भारतीय टीम में तीन बदलाव देखने को मिले, जहां शुभमन गिल के चोटिल होने के चलते संजू सैमसन को सीरीज में पहली बार प्लेइंग इलेवन में मौका मिला।
संजू सैमसन ने अपनी पारी की शुरुआत संभलकर की और तीसरी गेंद पर खाता खोला। इसके बाद दूसरे ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने मार्को यानसेन की गेंद पर छक्का जड़ दिया। यही छक्का उनके लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, क्योंकि इसके साथ ही उन्होंने भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में 1000 रन पूरे कर लिए।