IPL 2026, Delhi Capitals vs Chennai Super Kings: अरुण जेटली स्टेडियम में मंगलावार (5 मई) को खेले गए आईपीएल 2026 के इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली 155 रन ही बना सकी, जिसके जवाब में CSK ने संजू सैमसन की विस्फोटक पारी के दम पर 15 गेंदें शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया।
आईपीएल 2026 के 48वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पथुम निसांका (19) और केएल राहुल (12) जल्दी आउट हो गए। इसके बाद नितीश राणा (15) और करुण नायर (13) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए, जबकि कप्तान अक्षर पटेल सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
मध्य ओवरों में दिल्ली की पारी लड़खड़ाती नजर आई, हालांकि ट्रिस्टन स्टब्स और समीर रिज़वी ने टीम को संभालते हुए छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 65 रन की अहम साझेदारी की। स्टब्स ने 31 गेंदों में 38 रन बनाए, जबकि समीर रिज़वी ने 24 गेंदों में नाबाद 40 रन की उपयोगी पारी खेली। इन पारियों की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स 20 ओवर में 155 रन तक पहुंच सकी।