एशिया कप 2025 में भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए सुपर-4 राउंड के आखिरी मुकाबले में संजू सैमसन ने बल्ले से कमाल दिखाया। मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने 23 गेंदों में 39 रन ठोककर मैच में जान डाल दी। खासकर वानिंदु हसरंगा की गेंद पर लगाया गया उनका विशाल छक्का देख श्रीलंका के कोच का रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर भी काफ वायरल हुआ।
शुक्रवार(26 सितंबर) को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए सुपर-4 के आखिरी मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 का मजबूत स्कोर बनाया। अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ 31 गेंदों में 61 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा नाबाद 49 रन पर लौटे। संजू सैमसन ने भी 23 गेंदों में 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जिसमें तीन विशाल छक्के शामिल थे।
उनके खास छक्के पर श्रीलंका के कोच सनथ जयसूर्या का निराश भरा रिएक्शन कैमरे में कैद हो गया। 15वें ओवर में वानिंदु हसरंगा की गेंद पर संजू सैमसन ने डाउन द ग्राउंड जोरदार छक्का लगाया। गेंद इतनी दूर गई कि कैमरे तुरंत श्रीलंकाई ड्रेसिंग रूम की ओर पैन हुए, जहां कोच सनथ जयसूर्या अपने हाथ चेहरे पर रखते हुए निराश नजर आए। यह निराशा भरा रिएक्शन देखते ही देखते सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो गया।