T20 World Cup 2026, USA vs Netherlands: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पहले बल्लेबाजी करते हुए सैतेजा मुक्कमल्ला ने जिम्मेदारी संभालते हुए यूएसए की पारी को मजबूती दी। उनके साथ शुभम रंजने की तेजतर्रार बल्लेबाजी ने नीदरलैंड के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। 197 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीदरलैंड की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई। हरमीत सिंह की घातक स्पिन और शैडली वैन शल्कविक की सटीक गेंदबाजी के सामने नीदरलैंड पूरी तरह बिखर गई।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 21वां मुकाबला शुक्रवार (13 फरवरी) को एमए चिदंबरम स्टेडियम में यूएसए और नीदरलैंड के बीच खेला गया। इस मुकाबले में नीदरलैंड के कप्तान स्कॉट एडवर्ड्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
यूएसए की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और शायन जहांगीर 20 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान मोनांक पटेल और सैतेजा मुक्कमल्ला ने पारी संभालते हुए दूसरे विकेट के लिए 55 रनों की अहम साझेदारी की। मोनांक पटेल ने 22 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि मुक्कमल्ला ने धैर्य के साथ अर्धशतक पूरा किया।