SL vs WI 1st T20: शाई होप (Shai Hope) की कैप्टेंसी वाली वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम (West Indies Cricket Team) ने शुक्रवार, 12 जून को टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ 19.2 ओवर में 148 रनों का लक्ष्य हासिल करके 7 विकेट से जीत दर्ज की। गौरतलब है कि ये मुकाबला किंग्स्टन के सबीना पार्क स्टेडियम में खेला गया था जहां मेजबान वेस्टइंडीज के जीत के सबसे बड़े हीरो शाई होप रहे, जिन्होंने नाबाद 65 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि सबीना पार्क स्टेडियम में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था जिसके बाद उन्होंने अपनी पारी के 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 147 रन बनाए। श्रीलंका के लिए कामिन्दु मेंडिस ने सर्वाधिक रन जोड़े और नंबर-5 पर बैटिंग करके 39 गेंदों पर 4 चौके और 2 छक्के की मदद से 51 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली।
कामिन्दु मेंडिस के अलावा श्रीलंका के लिए कप्तान कुसल मेंडिस ने 23 गेंदों पर 36 रन और दासुन शनाका ने 23 गेंदों पर 22 रन जोड़े। बात करें अगर कैरेबियाई गेंदबाज़ों की तो जेसन होल्डर ने अपनी गेंदबाज़ी से धमाल मचाया और 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट चटकाए। उनके अलावा शमर जोसेफ ने भी तीन विकेट लिए और रोस्टन चेज ने भी एक विकेट हासिल किया।