T20 World Cup 2026, England vs West Indies: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 15वें मुकाबले में वेस्टइंडीज ने खराब शुरुआत के बावजूद शानदार वापसी की। शुरुआती तीन विकेट जल्दी गिरने के बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने जिम्मेदारी संभाली और ताबड़तोड़ अर्धशतक जमाया। रॉस्टन चेस और फिर जेसन होल्डर के साथ अहम साझेदारियों ने पारी को मजबूती दी और कैरेबियाई टीम 196 रन तक पहुंचने में सफल रही।
वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई में खेले जा रहे इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी। वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और पावरप्ले के भीतर ही शाई होप बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि ब्रैंडन किंग सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौटे। शिमरोन हेटमायर ने 23 रन जोड़े, लेकिन वह भी लंबी पारी नहीं खेल सके।
इसके बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने रॉस्टन चेस के साथ पारी को संभाला। दोनों के बीच 28 गेंदों में 47 रन की अहम साझेदारी हुई। चेस ने 29 गेंदों में 34 रन बनाकर योगदान दिया, जबकि रदरफोर्ड ने एक छोर संभाले रखा और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी।