सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में सोमवार को मध्य प्रदेश ने कप्तान रजत पाटीदार की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत असम को 131 रनों से रौंदा। इसके अलावा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश भी अपने-अपने मुकाबलों में विजेता रहे। आइए, इन मुकाबलों के बारे में जानते हैं।
जम्मू-कश्मीर बनाम तमिलनाडु: इंदौर के होल्कर स्टेडियम में खेले गए एलीट ग्रुप-बी के इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने तमिलनाडु को 6 रन से मात दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी जम्मू-कश्मीर की टीम ने कामरान इकबाल (70) और कप्तान शुभम खजूरिया (53) की शानदार पारियों की बदौलत 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए।
इसके जवाब में तमिलनाडु की टीम 20 ओवरों में 195/9 के स्कोर से आगे नहीं बढ़ सकी। इस टीम के लिए अमित सात्विक ने 67 रन, जबकि एन. जगदीशन ने 35 रन की पारी खेली। विपक्षी खेमे से नासिर मुजफ्फर ने सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए।