स्कॉटलैंड की तेज़ रफ्तार पारी के बीच सोमपाल कामी ने ऐसा कैच लपका जिसने पूरा मैच पलट दिया। अपनी ही गेंद पर फॉलो-थ्रू में एक हाथ से हवा में कैच पकड़कर उन्होंने ब्रैंडन मैकमुलेन को पवेलियन भेजा। इस शानदार फील्डिंग मोमेंट के बाद नेपाल ने लगातार विकेट झटके और स्कॉटलैंड की लय टूट गई। स्टेडियम में बैठे दर्शक भी इस कैच को देखकर दंग रह गए।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 33वां मुकाबला मंगलवार (17 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में नेपाल और स्कॉटलैंड के बीच खेला जा रहा है। नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्कॉटलैंड ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए।
स्कॉटलैंड तेजी से रन बटोरता रहा और ऐसा लगने लगा कि टीम 190 से ऊपर का बड़ा स्कोर खड़ा कर देगी, लेकिन पारी के 16वें ओवर में सोमपाल कामी ने वो कर दिखाया जिसने मैच का रुख बदल दिया। ओवर की चौथी गेंद पर ब्रैंडन मैकमुलेन ने स्लोअर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे गेंदबाज के ऊपर से गई। कामी ने बिजली की तेजी दिखाते हुए एक हाथ से हवा में लपककर अविश्वसनीय कैच पकड़ लिया। ब्रैंडन मैकमुलेन को 25 रन पर पवेलियन लौटना पड़ा और माइकल जोन्स के साथ खतरनाकर दिख रही दूसरे विकेट के लिए उनकी 52 रन की साझेदारी भी टूट गई।