आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया ने एक बार फिर अपने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। वहीं बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफी मोलिनेक्स ने ऐसा कैच पकड़ा जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में बुधवार (17 जून) को खेले गए ग्रुप ए इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। बांग्लादेश की पारी के दौरान ऑस्ट्रेलिया की कप्तान और स्टार ऑलराउंडर सोफी मोलिनेक्स के शानदार कैच लपककर सोभाना मोस्टारी की पारी का अंत कर दिया।
यह शानदार नजारा बांग्लादेश की पारी के आठवें ओवर की दूसरी गेंद पर देखने को मिला। गेंदबाजी कर रही एलिस पेरी ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ गेंद फेंकी और सोभाना मोस्टारी ने इस गेंद पर ड्राइव खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर सही तरीके से नहीं आई और कवर की दिशा की ओर हवा में चली गई।