भारतीय टीम के चयनकर्ताओं ने आगामी दक्षिण अफ्रीका दौरे के लिए उत्तर प्रदेश के ऑलराउंडर सौरभ कुमार को भारत की 'ए' टीम में शामिल किया है। ये दौरा 23 नवंबर 2021 से शुरू होने वाला है। इस दौरे पर सौरभ के पास अपनी प्रतिभा को दिखाने का पर्याप्त मौका होगा और अगर वो अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे तो आने वाले समय में भारत को एक और रविंद्र जडेजा मिल सकता है।
सौरभ कुमार दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने तीन चार दिवसीय मैचों के दौरान भारत 'ए' टीम में बिल्कुल वही भूमिका निभाते दिखेंगे जो रवींद्र जडेजा अक्सर निभाते थे। ये होनहार ऑलराउंडर दक्षिण अफ्रीका की धरती पर बल्ले और गेंद दोनों से योगदान दे सकता है। ऐसे में उम्मीदें काफी बढ़ चुकी हैं।
सौरभ कुमार का जन्म 1 मई 1993 को हुआ था और वो 28 साल के हो चुके हैं। उनका जन्म और पालन-पोषण उत्तर प्रदेश के बागपत में हुआ था। ये भारतीय ऑलराउंडर भारतीय घरेलू सर्किट में उत्तर प्रदेश की तरफ से खेलता है।