भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए सौरव गांगुली सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं बल्कि एक इमोशन थे। 90s और 2000s में बड़े हुए बच्चों के लिए दादा वो कप्तान थे जिन्होंने टीम इंडिया को लड़ना सिखाया। उनकी आक्रामक कप्तानी, ऑफ साइड के शानदार शॉट्स और मैदान पर उनका कॉन्फिडेंस आज भी फैंस के दिल में बसा हुआ है। दादा वैसे तो लाइमलाइट से दूर रहते हैं लेकिन वो एक बार फिर से फैंस के बीच छा गए हैं।
दादा का एक बार फिर वही पुराना अंदाज़ देखने को मिला है और सोशल मीडिया पर उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, 53 साल के सौरव गांगुली हाल ही में ‘गली क्रिकेट’ के एक लोकल मैच में खेलते नजर आए। इस मैच में उन्होंने सिर्फ 68 गेंदों में 132 रन ठोक दिए। लेकिन फैंस को सिर्फ उनके रन नहीं, बल्कि उनकी बल्लेबाज़ी का वही पुराना स्टाइल सबसे ज्यादा पसंद आया।
मजेदार बात ये रही कि मैच शुरू होने से पहले खिलाड़ियों ने उनसे 1996 के लॉर्ड्स टेस्ट डेब्यू की याद दिलाई, जहां उन्होंने 131 रन बनाए थे। मजाक में पूछा गया कि इस बार कितने रन बनाओगे? गांगुली ने मुस्कुराते हुए जवाब नहीं दिया, लेकिन बाद में 132 रन बनाकर सबको हैरान कर दिया। उन्होंने सिर्फ 33 गेंदों में फिफ्टी और 58 गेंदों में सेंचुरी पूरी कर ली। मैच के दौरान वो खिलाड़ियों के साथ मजाक करते, हंसते और स्लेजिंग करते भी नजर आए।