NZ vs SA 5th T20: केशव महाराज की कैप्टेंसी वाली साउथ अफ्रीका क्रिकेट टीम ने बुधवार, 25 मार्च को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल स्टेडियम में न्यूजीलैंड को 33 रनों से हराकर मात दी है। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने ये पांच मैचों की टी20 सीरीज को 3-2 से जीतकर अपने नाम की।
कॉनर एस्टरहुइज़न ने ठोका अर्धशतक: क्राइस्टचर्च टी20 में साउथ अफ्रीका के लिए 24 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज़ कॉनर एस्टरहुइज़न ने जीत की नींव रखी और नंबर-4 पर बैटिंग करके तूफानी अंदाज़ में 33 गेंदों पर 75 रन बनाए। गौर करें कि उन्हें पांचवें टी20 में 75 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच और पूरी टी20 सीरीज में 200 रन बनाने के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
बताते चलें कि कॉनर एस्टरहुइज़न के अलावा मेहमान टीम के लिए रुबिन हरमन ने 31 गेंदों पर 39 रन, वियान मुल्डर ने 29 गेंदों पर 31 रन और डियान फॉरेस्टर ने 13 गेंदों पर 21 जोड़े जिसके दम पर टीम ने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 4 विकेट खोकर न्यूजीलैंड के सामने 188 रनों का लक्ष्य रखा था। बात करें अगर न्यूजीलैंड के गेंदबाज़ों की तो बेन सियर्स ने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट झटके। वहीं जैकरी फॉल्क्स और जोश क्लार्कसन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।