क्रिकेट साउथ अफ्रीका (सीएसए) ने रविवार को घोषणा करते हुए बताया कि साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुथो सिपाम्ला नामीबिया और जिम्बाब्वे के साथ चल रही टी20 इंटरनेशनल ट्राई-सीरीज से बाहर हो गए हैं। सिपाम्ला को बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण इस सीरीज से बाहर होना पड़ा है।
साउथ अफ्रीका के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर एंडिले सिमेलाने को सिपाम्ला की जगह पर टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने अब तक साउथ अफ्रीका के लिए 10 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। सिपाम्ला को यह चोट मेजबान नामीबिया के खिलाफ साउथ अफ्रीका के शुरुआती मैच के दौरान लगी थी, जहां वे सिर्फ 9 गेंदें ही फेंक पाए थे और फिर दर्द के कारण उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था। इसके बाद 28 वर्षीय सिपाम्ला जिम्बाब्वे के खिलाफ प्रोटियाज टीम की ओर से दूसरा मैच नहीं खेल पाए थे। मेडिकल स्टाफ उनकी मांसपेशियों में खिंचाव की गंभीरता का आकलन कर रहा था।
क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने बयान जारी करते हुए कहा, "डीपी वर्ल्ड लायंस के तेज गेंदबाज लुथो सिपाम्ला बाएं हैमस्ट्रिंग में चोट के कारण नामीबिया और जिम्बाब्वे के खिलाफ बाकी टी20 इंटरनेशनल ट्राई-सीरीज से बाहर हो गए हैं। 28 वर्षीय खिलाड़ी को यह चोट शुक्रवार को नामीबिया के खिलाफ पहले मैच में अपने दूसरे ओवर के दौरान गेंदबाजी करते हुए लगी थी। हॉलीवुडबेट्स डॉल्फिन्स के ऑलराउंडर एंडिले सिमेलाने को उनकी जगह शामिल किया गया है।"