साउथ अफ्रीका के स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली घरेलू टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनकी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में गंभीर चोट (ग्रेड-3 टियर) लगी है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, 31 वर्षीय रबाडा को अब करीब दो महीने तक क्रिकेट से दूर रहना पड़ सकता है। इस चोट की वजह से उनका फिटनेस और ट्रेनिंग कार्यक्रम भी प्रभावित हुआ है, जो टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। रबाडा की घरेलू टीम 'लायंस' के गेंदबाजी कोच साउथ अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड ने कहा कि मेडिकल जांच के बाद उन्हें इस हाई-प्रोफाइल सीरीज से पूरी तरह बाहर कर दिया गया है। पहले उम्मीद थी कि वह 10 सितंबर से बोलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले शुरुआती चार-दिवसीय घरेलू मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।
रविवार को डोनाल्ड ने बताया, "वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी टेस्ट मैचों से भी बाहर रहेंगे।" साउथ अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की मेजबानी करनी है, जिसकी शुरुआत 9 अक्टूबर को डरबन में होगी। इसके बाद गकेबेरहा और केपटाउन में मैच खेले जाएंगे, जो क्रमशः 18 और 27 अक्टूबर से शुरू होंगे।