सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के हेड कोच डैनियल वेटोरी ने बताया है कि ट्रेविस हेड का आईपीएल 2027 सीजन से बाहर रहने का फैसला एक बड़ा कारण था, जिसके चलते फ्रेंचाइजी ने इस ऑस्ट्रेलियाई ओपनर को रिलीज किया है। एसआरएच अपने मुख्य खिलाड़ियों (कोर ग्रुप) को बनाए रखना चाहती है। साथ ही आगामी नीलामी में टीम की कमियों को भी दूर करना चाहती है।
हेड ने ऑस्ट्रेलिया के लिए अपनी प्रतिबद्धताओं को प्राथमिकता देने के कारण आईपीएल के आगामी सीजन में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। पिछले तीन सीजन से हैदराबाद की बल्लेबाजी लाइनअप का अहम हिस्सा रहे हेड, अब फ्रेंचाइजी की अगली आईपीएल योजनाओं का हिस्सा नहीं होंगे। वेटोरी ने बताया कि यह फैसला टीम द्वारा खिलाड़ियों की उपलब्धता और मौजूदा साइकिल के आखिरी साल के लिए अपनी रिटेंशन रणनीति का आकलन करने के बाद लिया गया।
वेटोरी ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "रिटेंशन के पीछे इस बार मुख्य फोकस इस बात पर था कि यह मौजूदा साइकिल का आखिरी साल है। साथ ही, हम यह भी ध्यान में रखना चाहते थे कि हमारा पिछला सीजन अच्छा रहा था और हम अपनी टीम के मुख्य खिलाड़ियों को बनाए रखना चाहते थे। इसके साथ ही हमें यह भी पता था कि टीम में कुछ सुधार की जरूरत है और खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर भी कुछ दिक्कतें थीं।"