टी20 वर्ल्ड कप 2026 में श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया की बीच खेले जा रहे मुकाबले के दौरान श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है और इसका असर सीधे आईपीएल 2026 की तैयारियों पर भी पड़ सकता है। कोलकाता नाइट राइडर्स के महंगे खिलाड़ी मैच के बीच गंभीर चोट का शिकार हो गए। शुरुआती संकेतों से मामला हैमस्ट्रिंग से जुड़ा बताया जा रहा है, जिससे टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ गई है।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का 30वां मुकाबला सोमवार (16 फरवरी) को श्रीलंका और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की पारी के दौरान श्रीलंका के तेज गेंदबाज़ मथीशा पथिराना को गंभीर चोट लग गई। यह घटना पारी के तीसरे ओवर के दौरान हुई, जब ओवर की चौथी गेंद फेंकने के बाद वह अचानक हैमस्ट्रिंग पकड़कर मैदान पर गिर पड़े।
उन्होंने 143 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से शानदार गेंद मिचेल मार्श को डाली थी, लेकिन इसके तुरंत बाद दर्द से कराहते नजर आए। हालात ऐसे थे कि वह आगे गेंदबाज़ी नहीं कर सके और उन्हें सहारे के साथ मैदान से बाहर ले जाया गया। उनका ओवर बाद में कप्तान दासुन शनाका ने पूरा किया।