श्रीलंका क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज दौरे के लिए अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। इस दौरे से पहले टीम में एक बार फिर कप्तानी बदलाव देखने को मिला है। विकेटकीपर बल्लेबाज़ कुसल मेंडिस को वनडे और टी20 टीम का नया कप्तान बनाया गया है।
श्रीलंका क्रिकेट में कप्तानी बदलाव का सिलसिला लगातार जारी है और अब एक बार फिर बोर्ड ने व्हाइट बॉल टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव किया है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने सोमवार (25 मई) को वेस्टइंडीज दौरे के लिए वनडे, टी20 और टेस्ट टीम का ऐलान किया, जिसमें कुसल मेंडिस को वनडे और टी20 इंटरनेशनल टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
कुसल मेंडिस ने दासुन शनाका की जगह ली है। शनाका ने हाल ही में खेले गए T20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम की कप्तानी संभाली थी। हालांकि श्रीलंका ग्रुप स्टेज में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद सुपर-8 में लगातार तीन हार के बाद बाहर हो गया था। इसके बाद टीम मैनेजमेंट ने कप्तानी में बदलाव करने का फैसला लिया।