AUS vs BAN 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में शनिवार (22 अगस्त) से खेले जा रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ (Steve Smith) एक बार फिर मैदान पर अपनी एक हरकत की वजह से चर्चा में आ गए।
यह पूरा मामला ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के नौवें ओवर में देखने को मिला। बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद गेंदबाजी कर रहे थे और उनकी एक गेंद स्टीव स्मिथ के पैड पर जा लगी। इसके बाद बांग्लादेशी खिलाड़ियों ने जोरदार LBW की अपील की, लेकिन फिल्ड अंपायर नितिन मेनन ने अपील को खारिज कर दिया।
इसके बाद बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो और गेंदबाज तस्कीन अहमद आपस में चर्चा करने लगे कि DRS लिया जाए या नहीं। इसी दौरान स्मिथ ने भी बातचीत में अपनी तरफ से बोलना शुरू कर दिया। स्मिथ इस दौरान बांग्लादेशी खिलाड़ियों को उकसाते नजर आए और उन्होंने इशारा करते हुए कहा, "मैं विकेट के आधे रास्ते तक आ चुका हूं, गेंद काफी ऊपर जा रही है... रिव्यू ले लो।"