Steve Smith Takes Diving Catch: मेजर लीग क्रिकेट (MLC 2026) में ऑस्ट्रेलिया के स्टार बल्लेबाज स्टीव स्मिथ ने एक बार फिर अपनी शानदार फील्डिंग से सभी को हैरान कर दिया। उनके इस शानदार प्रयास की सोशल मीडिया पर फैंस जमकर तारीफ कर रहे हैं।
मेजर लीग क्रिकेट 2026 में गुरुवार (2 जुलाई) को वॉशिंगटन फ्रीडम और लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स के बीच खेले गए लीग स्टेज के 16वें मुकाबले में 37 साल के स्टीव स्मिथ ने अपनी शानदार फील्डिंग से महफिल लूट ली। ऑस्ट्रेलियाई स्टार बल्लेबाज ने न्यूजीलैंड के पूर्व बल्लेबाज कॉलिन मुनरो का ऐसा डाइविंग कैच पकड़ा, जिसे देखकर मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और फैंस दोनो दंग रह गए।
यह शानदार नजारा लॉस एंजेलिस नाइट राइडर्स की पारी के 11वें ओवर की आखिरी गेंद पर देखने को मिला। वॉशिंगटन फ्रीडम के तेज गेंदबाज बेन ड्वारशुइस ने ऑफ स्टंप के बाहर धीमी शॉर्ट ऑफ लेंथ गेंद डाली। कॉलिन मुनरो ने जगह बनाकर जोरदार शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले पर सही तरह से नहीं आई और मिड-ऑफ की दिशा में हवा में चली गई।