भारतीय महिला-ए टीम ने ऑस्ट्रेलिया महिला-ए के खिलाफ अनाधिकारिक वनडे सीरीज के पहले मैच को 4 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ भारत ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। यह मुकाबला रविवार को पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला गया।
इससे पहले, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीन टी20 मुकाबलों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। पहला मैच 6 विकेट से जीतने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने अगला मुकाबला 30 रन से अपने नाम किया। सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच मेहमान टीम ने 7 रन से जीता था। वनडे सीरीज के शेष 2 मुकाबले 23 और 25 सितंबर को खेले जाने हैं, जिसके बाद 29 सितंबर से एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 46.3 ओवरों में सिर्फ 235 रन पर सिमट गई। रेचल ट्रेनामन और कप्तान ताहलिया विल्सन की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। रेचल 36 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि ताहलिया ने 8 चौकों के साथ 48 रन बनाए।