भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ बारिश से प्रभावित वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले को 'डकवर्थ लुईस नियम' के आधार पर 4 रन से जीत लिया है। हेनरी स्टेडियम में इस जीत के साथ टीम इंडिया ने पांच मुकाबलों की सीरीज में 2-0 से बढ़त हासिल कर ली है।
बारिश और गीले मैदान की वजह से मुकाबला देरी से शुरू हुआ, जिसे घटाकर 47-47 ओवरों का कर दिया गया। टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी न्यूजीलैंड की टीम 41 ओवरों में महज 134 रन पर सिमट गई। इस टीम ने 1.5 ओवर में टिम सेफर्ट (0) के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया, उस समय तक मेजबानों का खाता भी नहीं खुल सका था। यहां से हेनरी निकोल्स (11) ने विल यंग (6) के साथ 11 रन और डेरिल मिचेल के साथ 12 रन की साझेदारी करते हुए टीम को किसी तरह 23 के स्कोर तक पहुंचाया।
इसके बाद डेरिल मिचेल ने मोर्चा संभाला। उन्होंने टॉम लैथम (7) के साथ चौथे विकेट के लिए 30 रन, जबकि कप्तान मिचेल सेंटनर के साथ छठे विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी करते हुए कीवी टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। सेंटनर 38 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 31 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मिचेल ने 104 गेंदों में 2 छक्कों और 5 चौकों के साथ 55 रन की पारी खेली।