ICC T20 World Cup: जिम्बाब्वे ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से मात देकर बड़ा उलटफेर कर दिया है। यह क्रिकेट इतिहास में पांचवां ऐसा मौका है, जब जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध जीत दर्ज की। इस टीम ने अब तक दो बार टी20 फॉर्मेट में ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी है, जबकि 3 मौकों पर वनडे फॉर्मेट में उसे हराया है। जिम्बाब्वे ने तीसरी बार वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त दी है। इससे पहले जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप 1983 और टी20 वर्ल्ड कप 2007 में जीत दर्ज की थी।
वनडे वर्ल्ड कप 1983: नॉटिंघम में 9 जून को खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने 6 विकेट खोकर 239 रन बनाए। इस पारी में डंकन फ्लेचर ने 84 गेंदों में 5 चौकों के साथ नाबाद 69 रन बनाए, जबकि इयान बुचार्ट ने 34 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से डेनिस लिली और ग्राहम यालोप ने 2-2 विकेट निकाले।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम निर्धारित 60 ओवरों में 7 विकेट खोकर 226 रन ही जुटा सकी, जिसके साथ जिम्बाब्वे ने 13 रन के करीबी अंतर से मैच जीत लिया।