वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ शनिवार को एमिरेट्स ओल्ड ट्रैफर्ड में डेब्यू के साथ इतिहास रचा। 15 साल और 99 दिन की उम्र में वैभव अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय बने। वैश्विक स्तर पर वैभव पुरुष खिलाड़ियों की सूची में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने 15 साल और 139 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू किया था। वहीं, भारतीय पुरुषों में सचिन तेंदुलकर (16 साल और 205 दिन, टेस्ट क्रिकेट) दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं, क्योंकि इन दोनों खिलाड़ियों का रिकॉर्ड वैभव ने तोड़ दिया है। टेस्ट पदार्पण के कुछ दिनों बाद तेंदुलकर ने वनडे फॉर्मेट में 16 साल और 238 दिन की उम्र में डेब्यू किया था।
वैश्विक स्तर पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट (फुल मेंबर नेशन) में डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ियों की सूची में पाकिस्तान के हसन रजा शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 14 साल 227 दिन की उम्र में जिम्बाब्वे के खिलाफ फैसलाबाद में अपना पहला मैच खेला था। इस लिस्ट में वैभव दूसरे पायदान पर हैं, जबकि बांग्लादेश के मोहम्मद शरीफ (15 साल 116 दिन) तीसरे स्थान पर हैं। शरीफ ने साल 2001 में हरारे के मैदान पर जिम्बाब्वे के विरुद्ध यह कारनामा किया था।