भारत के सबसे सफल कप्तानों का जिक्र होता है, तो महेंद्र सिंह धोनी का नाम इस लिस्ट में सबसे ऊपर आता है। धोनी ने अपने इंटरनेशनल करियर में हर वो बड़ी उपलब्धि हासिल की, जिसकी कल्पना एक क्रिकेटर करता है। बल्लेबाजी से लेकर कप्तानी तक में धोनी ने विश्व क्रिकेट में अपनी धाक जमाई और कई ऐसे मुकाम हासिल किए, जो हमेशा के लिए भारतीय क्रिकेट इतिहास में सुनहरे अक्षरों में दर्ज हो गए।
महेंद्र सिंह धोनी का जन्म 7 जुलाई, 1981 को रांची में हुआ। धोनी की क्रिकेट से पहचान उनके स्कूल के कोच केशव रंजन बनर्जी ने करवाई। दरअसल, स्कूल की क्रिकेट टीम में एक विकेटकीपर की जरूरत थी। कोच बनर्जी की नजर धोनी पर पड़ी, जो फुटबॉल में शानदार गोलकीपिंग कर रहे थे। उन्होंने धोनी को क्रिकेट टीम में बतौर विकेटकीपर जगह दी और इसके बाद माही का क्रिकेट के खेल से लगाव दिन-प्रतिदिन बढ़ता चल गया। लगातार अच्छे प्रदर्शन की वजह से धोनी को रेलवे में टिकट कलेक्टर की नौकरी मिली,जहां वह नौकरी के बाद मैदान पर भी जाकर खूब पसीना बहाते थे।
घरेलू क्रिकेट और फिर भारत ए की तरफ से दमदार प्रदर्शन के बाद धोनी को भारतीय नेशनल टीम से बुलावा आया। हालांकि, दिसंबर, 2024 में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई शुरुआती वनडे सीरीज में धोनी बुरी तरह से फ्लॉप रहे। 3 पारियों में धोनी सिर्फ 19 रन ही बना सके। इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ पहले वनडे में भी धोनी सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। 4 मैचों में लगातार नाकाम रहने के बाद हर किसी को लग रहा था कि धोनी को अगले मैच में ड्रॉप कर दिया जाएगा।