किसी भी गुरु के लिए सबसे सुखद और आनंददायक दिन तब होता है, जब उनका कोई शिष्य बड़ी सफलता हासिल करे और देश दुनिया में अपना नाम रोशन करे। मात्र 15 साल की उम्र में क्रिकेट की दुनिया में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा देने वाले बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय टी20 टीम में जगह बनाकर अपने कोच (गुरु) मनीष ओझा को बड़ी गुरु दक्षिणा दी है। वैभव के भारतीय टीम में चयन को उनके कोच ने अपने और बिहार के लिए गर्व का विषय बताया।
भारतीय टीम में वैभव के चयन के बाद आईएएनएस से खास बातचीत में मनीष ओझा ने कहा, "कोच के रूप में मेरे लिए और पूरे बिहार के लिए यह गर्व का पल है। भारत का नया सितारा आ चुका है। मैं उन्हें और उनके परिवार को बहुत शुभकामनाएं देता हूं।"
उन्होंने कहा, "वैभव को अभी सिर्फ टी20 फॉर्मेट में मौका दिया गया है। लेकिन जिस तरह का उनका प्रदर्शन अंडर-19 विश्व कप और आईपीएल में रहा है, अगर आगामी दौरों पर भी वैसा ही रहता है, तो वनडे और टेस्ट टीम में भी उनकी जगह बनेगी।"