T20 World Cup: आईपीएल 2026 का आगाज 28 मार्च से होने जा रहा है। टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने राजस्थान रॉयल्स की टीम में मौजूद कुछ खामियों को उजागर किया है। उन्होंने बताया कि सैम करन अगर टूर्नामेंट से बाहर होते हैं, तो राजस्थान टीम की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
आकाश ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह राजस्थान रॉयल्स टीम का रिव्यू करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में पूर्व भारतीय क्रिकेटर राजस्थान की ताकत और खामियों पर बात करते हुए नजर आए। सीजन की शुरुआत से पहले राजस्थान को बड़ा झटका लगा है। 'ईएसपीएन क्रिकइंफो' की खबर के अनुसार, ऑलराउंडर सैम करन ग्रोइन इंजरी की वजह से पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। करन हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार लय में दिखाई दिए थे।
आकाश चोपड़ा के अनुसार, सैम करन की गैरमौजूदगी से राजस्थान के जीतने के चांस कम हो सकते हैं, क्योंकि टीम को एक बार फिर प्लेइंग इलेवन में नंबर 8 पर एक मजबूत बल्लेबाज न होने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। आकाश ने 'एक्स' पर शेयर किए वीडियो में कहा, "सैम करन की गैरमौजूदगी ने चुनौती को और भी बड़ा बना दिया है। नंबर 8 पर कौन बल्लेबाजी करेगा? क्या यह समस्या उन्हें एक बार फिर परेशान करेगी? हो सकता है कि उन्हें नांद्रे बर्गर को खिलाना पड़े।"