West Indies Fourth T20I: भारत के पूर्व सहायक कोच अभिषेक नायर ने टीम इंडिया के खिलाफ शाई होप के शानदार प्रदर्शन की तुलना 2000 के दशक में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज मैथ्यू हेडन के प्रभाव से की है। उन्होंने होप की तारीफ करते हुए कहा कि वे मौजूदा दौरे पर वेस्टइंडीज की ओर से तीनों फॉर्मेट में बेहतरीन खेल दिखा रहे हैं, जिसमें उन्होंने कंट्रोल, पावर और परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने की शानदार क्षमता दिखाई है।
तेज गति और बेहतरीन स्पिन का सामना करने के बावजूद, होप ने भारत के खिलाफ खूब रन बनाए हैं। उनकी खासियत यह है कि वह सिर्फ पावर-हिटिंग या सिर्फ टच-प्ले पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि जरूरत के हिसाब से अपना खेल बदल लेते हैं, जिससे उन्हें रोकना किसी भी गेंदबाज के लिए मुश्किल हो जाता है।
नायर ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "मुझे याद है कि आखिरी बार 2000 के दशक में जब ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत आई थी, तब मैथ्यू हेडन हमारे गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते थे। शाई होप भी बिल्कुल वैसा ही कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी कमाल की रही है, न सिर्फ इसलिए कि उन्होंने बहुत रन बनाए हैं, बल्कि इस वजह से भी कि उन्होंने यह रन किस तरह से बनाए हैं। आप उन्हें सिर्फ एक 'पावर प्लेयर' या सिर्फ 'टच प्लेयर' नहीं कह सकते। उन्होंने एक बेहतरीन संतुलन बना लिया है। वह गेंदबाजों की गति का इस्तेमाल भी कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर पूरी ताकत लगाकर बड़े छक्के भी जड़ सकते हैं।"