टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह ने अभिषेक शर्मा की जमकर तारीफ की। युवराज ने कहा कि अभिषेक जिस तरह की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे हैं इसका पूरा श्रेय उनकी कड़ी मेहनत को जाता है।
युवराज सिंह और प्रशांत पिट्टी ने शुक्रवार को 'प्रोटोकॉल 32' नाम से स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन सप्लीमेंट ब्रांड लॉन्च किया। इसी कार्यक्रम में अभिषेक और टीम इंडिया के हालिया प्रदर्शन पर 'आईएएनएस' के साथ बात करते हुए युवराज ने कहा, "अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में और फिर 34 गेंदों में शतक लगाया। मुझे लगता है कि यह उनकी कड़ी मेहनत का नतीजा है। आज वह जिस मुकाम पर हैं, वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने बहुत मेहनत की है। वह टी20 क्रिकेट में फिर से नंबर एक स्थान पर आ गए हैं, और इसका पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है।"
पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने 'प्रोटोकॉल 32' सप्लीमेंट के बारे में जानकारी देते हुए कहा, "प्रोटोकॉल 32 का फायदा यह है कि आपको 10 अलग-अलग सप्लीमेंट खोजने और उन्हें दिन के अलग-अलग समय पर लेने की जरूरत नहीं पड़ती और न ही यात्रा के दौरान इन्हें साथ ले जाने की कोई चिंता रहती है। बस एक पाउच में सब कुछ मिल जाता है। आपको इसके अलावा कुछ और लेने की आवश्यकता नहीं है। मुझे लगता है कि प्रशांत द्वारा बनाए गए इस बेहतरीन प्रोडक्ट का यही सबसे बड़ा फायदा है। वह पिछले तीन वर्षों से इसे ले रहे हैं और काफी समय से मुझसे इसके बारे में बात कर रहे थे। हमने पहली बार इस पर लगभग 9 महीने पहले चर्चा की थी, और मैं खुद इसे लगभग छह महीनों से ले रहा हूं। सच कहूं तो, मुझे बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। मैं यह सिर्फ कहने के लिए नहीं कह रहा हूं, बल्कि मुझे सच में बेहतर महसूस हुआ है।"