भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने अफगानिस्तान के साथ प्रस्तावित 3 टी20 मैचों की सीरीज के लिए तारीखें मंजूर कर दी हैं। यह पहला मौका है, जब अफगानिस्तान भारत में टी20 सीरीज में भारतीय टीम की मेजबानी करेगा।
अफगानिस्तान और भारतीय क्रिकेट टीम के बीच 3 टी20 मैचों की सीरीज के मैच 13, 15 और 17 सितंबर को दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे।
बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने इस सीरीज के लेकर कहा, "बीसीसीआई अफगानिस्तान में क्रिकेट के विकास को समर्थन देने के लिए और उसके खिलाड़ियों को सबसे ऊंचे स्तर पर मुकाबला करने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। द्विपक्षीय सीरीज क्रिकेट का एक जरूरी हिस्सा है, क्योंकि इससे टीमों को नियमित तौर पर अच्छी टीमों के खिलाफ खेलने और कीमती अनुभव पाने का मौका मिलता है। हम इस सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का भारत में स्वागत करते हैं और इसे सफल बनाने के लिए उनके साथ मिलकर काम करने का इंतजार कर रहे हैं। हमारा मानना है कि साथ मिलकर और भी बहुत कुछ करने की गुंजाइश है। हम दोनों क्रिकेट खेलने वाले देशों के बीच रिश्ते को मजबूत करते हुए अफगानिस्तान क्रिकेट का सहयोग करते रहेंगे।"