Indian Premier League: 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज के लिए चुना गया है। इसी के साथ वैभव एशियन गेम्स टीम का भी हिस्सा हैं, लेकिन सवाल ये है कि बतौर सलामी बल्लेबाज आईपीएल और अंडर-19 क्रिकेट में अपनी चमक बिखेरने वाले वैभव सीनियर टीम की प्लेइंग इलेवन में कैसे जगह बना सकते हैं? आइए, इसे समझते हैं।
बाएं हाथ के बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी टीम इंडिया के लिए 'एक्स फैक्टर' साबित हो सकते हैं। वैभव की सबसे बड़ी ताकत उनका बेखौफ खेल है। टी20 फॉर्मेट में खेल का रुख बदलने के लिए कुछ ही ओवर्स काफी हैं। ऐसे में वैभव यह भूमिका बखूबी निभा सकते हैं।
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे, जिन्होंने 16 मुकाबलों में 48.50 की औसत के साथ 776 रन जुटाए। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 5 अर्धशतक निकले। टी20 क्रिकेट की सबसे कम पारियों (23) में 1,000 रन पूरे करने वाले वैभव अंडर-19 क्रिकेट में अपना जलवा बिखेर चुके हैं। वैभव ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान 7 मुकाबलों में 62.71 की औसत के साथ 439 रन बनाए। इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल मैच में 175 रन की ऐतिहासिक मैच जिताऊ पारी खेली।