भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हैगली ओवल में गुरुवार को खेले गए मुकाबले को 4 विकेट से अपने नाम किया। इसी के साथ टीम इंडिया ने 5 मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली। न्यूजीलैंड के खिलाफ 226 रनों के लक्ष्य को सफलतापूर्वक हासिल करके टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना सबसे बड़ा रन-चेज पूरा करने के बाद, विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा कि अभिषेक शर्मा के साथ उनकी तूफानी ओपनिंग साझेदारी के पीछे कोई बहुत बड़ी रणनीति नहीं थी।
संजू ने 33 गेंदों में 67 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने अभिषेक शर्मा (12 गेंदों में 29 रन) के साथ बतौर सलामी जोड़ी 93 रन की साझेदारी की। उनके आउट होने के बाद, कप्तान श्रेयस अय्यर ने 42 रन और नमन धीर के नाबाद 42 रन बनाकर भारत को जीत दिलाई।
शानदार प्रदर्शन के लिए संजू सैमसन को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया। मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में सैमसन ने कहा, "हम मैदान पर आपस में काफी बातचीत करते हैं, लेकिन असल में उसका कोई खास मतलब नहीं होता। हम बस गेंद को देखते हैं और जोर से हिट करते हैं। यह तरीका हमारे लिए बहुत कारगर रहा है। मुझे अभिषेक के साथ ओपनिंग करना पसंद है।"