वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह खेल के मैदान पर नजर आए। उन्होंने यहां खिलाड़ियों के बीच फुटबॉल के प्रति अपना जोश दिखाया और फुटबॉल खेलते नजर आए। इस दौरान पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर मौजूद रहे।
दरअसल, यह मौका 65वें सुब्रतो कप अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल टूर्नामेंट के समापन का था। डॉ. बीआर आंबेडकर स्टेडियम में समापन समारोह में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने जमीनी स्तर पर खेलों को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने फुटबॉल के प्रति अपना उत्साह भी दिखाया और मैदान पर खिलाड़ियों के साथ कुछ समय बिताया।
एयर चीफ मार्शल एपी सिंह, सुब्रतो मुखर्जी स्पोर्ट्स एजुकेशन सोसाइटी के अध्यक्ष हैं। उन्होंने खेल के मैदान पर विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। फाइनल मुकाबले के विशिष्ट अतिथि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सदस्य सुरेश रैना रहे। पुरस्कार वितरण समारोह में वायुसेना प्रमुख ने टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों, स्कूलों, टीमों और प्रायोजकों के योगदान की सराहना की।