New Zealand VS Canada: टी20 विश्व कप 2026 में कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मुकाबले में मैच फिक्सिंग के आरोप लगे हैं। यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में 17 फरवरी को खेला गया था।
'ईएसपीएन क्रिकइंफो' की खबर के अनुसार, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की भ्रष्टाचार-रोधी इकाई (एसीयू) ने हाल ही में प्रसारित एक डॉक्यूमेंट्री में किए गए दावों के बाद क्रिकेट कनाडा के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। 17 फरवरी को खेले गए कनाडा-न्यूजीलैंड मैच पर इस जांच का मुख्य फोकस बताया जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद कनाडा ने 4 विकेट खोकर 173 रन बनाए थे। हालांकि, न्यूजीलैंड ने सिर्फ 15.1 ओवर में आसानी से लक्ष्य का पीछा कर लिया था और 8 विकेट से जीत हासिल करके सुपर-8 राउंड के लिए क्वालीफाई कर लिया था। ग्लेन फिलिप्स 39 गेंदों पर 59 रन बनाकर नाबाद रहे थे, जबकि रचिन रवींद्र ने 36 गेंदों पर नाबाद 76 रन बनाए थे।
रिपोर्ट में कहा गया है कि एसीयू क्रिकेट कनाडा से जुड़े कई आरोपों की जांच कर रही है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट दोनों से जुड़ी दो सक्रिय जांचें शामिल हैं। ये आरोप 'करप्शन, क्राइम एंड क्रिकेट' नाम की 43 मिनट की डॉक्यूमेंट्री में उजागर किए गए थे। इस डॉक्यूमेंट्री को कनाडा के खोजी कार्यक्रम 'द फिफ्थ एस्टेट' ने बनाया था और सीबीसी पर प्रसारित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, इस फिल्म में कनाडा क्रिकेट के भीतर भ्रष्टाचार, कुप्रबंधन और अन्य अनियमितताओं के दावों का विस्तार से वर्णन किया गया है।