वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को पहले टेस्ट में 90 रनों से हराया। कैरेबियाई टीम से मिले 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी में पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 120 रन बनाकर ढेर हुई। वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों ने दोनों ही पारियों में पाकिस्तान को ऑलआउट किया।
टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह पहला मौका है, जब पाकिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट में सभी 20 विकेट वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाजों ने चटकाए हैं। कैरेबियाई टीम की ओर से पहली पारी में जस्टिन ग्रीव्स ने 5 विकेट झटके, जबकि दूसरी इनिंग में जयडेन सील्स ने पांच विकेट अपने नाम किए।
पाकिस्तान की टीम वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट में अपने पांचवें न्यूनतम स्कोर पर ऑलआउट हुई। टेस्ट क्रिकेट में यह महज छठा मुकाबला रहा, जिसमें सभी 40 विकेट तेज गेंदबाजों ने चटकाए। वेस्टइंडीज ने पिछले 11 टेस्ट मुकाबलों में यह अपनी दूसरी जीत दर्ज की। वहीं, पाकिस्तान को साल 2023 के बाद विदेशी सरजमीं पर यह लगातार आठवें टेस्ट में हार का सामना करना पड़ा है।