अंबाती रायडू भारतीय क्रिकेट के मध्यक्रम के बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक रहे हैं। रायडू को उनकी प्रतिभा के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मौका नहीं मिला, लेकिन जितने भी मौके मिले उसमें उन्होंने अपनी क्षमता प्रदर्शित की। रायडू की असल क्षमता आईपीएल में दिखी। वह लीग के इतिहास के सर्वाधिक सफल बल्लेबाजों में से एक हैं।
अंबाती रायडू का जन्म 23 सितंबर 1985 को आंध्र प्रदेश के गुंटूर में हुआ था। बचपन से ही क्रिकेट में गहरी दिलचस्पी लेने वाले रायडू को युवा अवस्था में ही भारत का अगला बड़ा बल्लेबाज माना जाने लगा था। इसकी वजह उनकी तकनीक और क्रीज पर टिके रहकर लंबी पारियां खेलने की क्षमता थी। रायडू को स्पिन और तेज गेंदबाज दोनों के सामने सहज माना जाता है। इसके अलावा, हर तरह की पिच भी उन्होंने अपनी क्षमता दिखाई है।
अंबाती पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में तब आए, जब 2022 में भारतीय अंडर-19 टीम के साथ खेलते हुए उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ बेहतरीन और मैच विजयी 177 रन की पारी खेली थी। 2004 में हुए अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत को सेमीफाइनल तक पहुंचाने में भी उन्होंने अहम भूमिका निभाई थी। 2002 में उन्होंने हैदराबाद के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया और अगले कुछ वर्षों में अपने प्रदर्शन के आधार पर भारतीय टीम में जगह बनाने के प्रबल दावेदार के रूप में उभरे।