इंडियन डेफ क्रिकेट एसोसिएशन (आईडीसीए) ने सोमवार को अनंतपुर के आरडीटी स्टेडियम क्रिकेट ग्राउंड में तीसरी अंडर-19 टी20 नेशनल क्रिकेट चैंपियनशिप का उद्घाटन किया। यह प्रतियोगिता 22 से 26 जून तक अनंतपुर के आरडीटी स्टेडियम क्रिकेट ग्राउंड में खेली जाएगी। प्रतियोगिता में 23 लीग मुकाबले खेले जाएंगे, जिसमें ओवरऑल चैंपियन, रनर-अप और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को ट्रॉफी मिलेगी।
डेफ क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ आंध्र प्रदेश (डीसीएएपी) की तरफ से आयोजित इस चैंपियनशिप में देश के कुछ सबसे होनहार युवा बधिर क्रिकेटर एक मंच पर साथ आ रहे हैं। यह टूर्नामेंट खेलों में समावेशिता, उत्कृष्टता और समान अवसर को बढ़ावा देने के लिए आईडीसीए की लगातार प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस इवेंट में देश भर से कुल 10 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें दिल्ली, मुंबई, हरियाणा, ओडिशा, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और उत्तर प्रदेश शामिल हैं।