महिला टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का सफर समाप्त हो गया है। रविवार को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मिली हार के साथ टीम टूर्नामेंट से ग्रुप स्टेज में ही बाहर हो गई। भारत की पूर्व कप्तान अंजुम चोपड़ा ने टीम के कई फैसलों पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर का बचाव किया है।
अंजुम चोपड़ा के अनुसार, ऑस्ट्रेलिया टीम के बल्लेबाजी क्रम को देखते हुए नॉकआउट मुकाबले में 170 रनों का स्कोर काफी नहीं था। अंजुम ने जियोस्टार संग बात करते हुए कहा, "सबसे पहले, बोर्ड पर रन काफी नहीं थे। 170 एक अच्छा टोटल है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ असल में वर्ल्ड कप नॉकआउट में यह थोड़ा कम था। फिर आपको शुरुआत में विकेट चटकाकर इस स्कोर का बचाव करना होता है। ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम के खिलाफ एक या दो विकेट से काम नहीं चलता। ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम को रोकने के लिए आपको अतिरिक्त रन बनाने होते हैं, ताकि आपके गेंदबाज को कुछ सहारा मिल सके।"
भारत की पूर्व कप्तान ने ऋचा घोष को देरी से भेजने को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "इसके साथ ही मुझे लगा कि ऋचा घोष को 17वें ओवर तक भेज देना चाहिए था। ऋचा को एक ओवर देर से भेजने से आपको फिनिशिंग किक नहीं मिली। वहीं, पांचवीं गेंदबाज की समस्या हमेशा की तरह इस बार भी टीम के लिए एक इश्यू बना रहा।" मैच के नतीजे पर बात करते हुए अंजुम ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम में निरंतरता की कमी की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा कि लगातार फेरबदल ने खिलाड़ियों को तय रोल में सेट नहीं होने दिया।