ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर एशले गार्डनर अपनी शादी टूटने से जुड़ी एक रिपोर्ट के सामने आने के बाद सुर्खियों में आ गई हैं। उनसे अलग रह रहीं पार्टनर मोनिका राइट ने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट साझा किए, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा का विषय बन गया।
'डेली मेल' की एक रिपोर्ट के अनुसार, गार्डनर और राइट की शादी एक साथी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर के साथ कथित अफेयर के कारण टूट गई। हालांकि, अखबार ने अपनी रिपोर्ट में उस खिलाड़ी का नाम नहीं बताया, लेकिन राइट ने इंस्टाग्राम पर प्रतिक्रिया देते हुए रिपोर्ट को 'बहुत अस्पष्ट' बताया और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर जॉर्जिया वोल की एक तस्वीर पोस्ट की, जिसके कैप्शन में लिखा, "इसी के साथ मेरी पार्टनर ने मुझे धोखा दिया।"
रिपोर्ट में बताया गया है कि गार्डनर और राइट के रिश्ते में दिक्कतें इस साल की शुरुआत में विमेंस वनडे वर्ल्ड कप के दौरान शुरू हुई थीं। राइट टूर्नामेंट के दौरान भारत भी गई थीं। रिपोर्ट में आगे कहा गया है कि टीम के ऑस्ट्रेलिया लौटने के बाद, गार्डनर ने राइट से कहा कि 'उनके रिश्ते में कुछ बदल गया है', जिसके बाद आखिरकार दोनों अलग हो गए।