ऑस्ट्रेलिया महिला टीम की उप-कप्तान एश्ले गार्डनर ने गुरुवार को अपने चल रहे निजी विवाद पर चुप्पी तोड़ी और लोगों से अपनी गोपनीयता का सम्मान करने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने पुष्टि की है कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने उन्हें उपकप्तान बनाए रखा है।
एश्ले तब से लोगों की नजर में हैं जब उनकी अलग हो चुकी पत्नी मोनिका राइट ने भारत में हुए महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 के दौरान हुई घटनाओं को लेकर उन पर बेवफाई के गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने इस ऑलराउंडर को उप-कप्तान बनाए रखने के राष्ट्रीय बोर्ड के फैसले पर भी सवाल उठाए थे।
एश्ले गार्डनर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम की स्टोरी में लिखा, "हालांकि, मेरी पत्नी से अलग होना एक निजी मामला है, लेकिन मैं समझती हूं कि उपकप्तान के तौर पर मेरे पद को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को मेरे मौजूदा रिश्ते की स्थिति पर बात करनी थी। मैं आभारी हूं कि सीए बोर्ड ने मेरे नेतृत्व को बनाए रखने का फैसला किया है। मैं एक लीडर के तौर पर अहम भूमिका निभाने और आने वाले सीजन में अपनी टीम की साथियों को हर संभव मदद देने के लिए उत्साहित हूं।"