पुरुषों के मेट्रो बैंक वन-डे कप के लिए हैम्पशायर ने ऑलराउंडर आशुतोष शर्मा को साइन किया है। फ्रेंचाइजी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। 27 वर्षीय आशुतोष इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की तरफ से खेलते हैं, जिसके सह-मालिक हैम्पशायर के मालिक जीएमआर हैं।
हैम्पशायर के क्रिकेट डायरेक्टर जाइल्स व्हाइट ने कहा, "हम वन-डे कप के लिए आशुतोष को साइन करके बहुत खुश हैं। वह बहुत क्षमतावान खिलाड़ी हैं। उन्होंने हाल ही में आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छा प्रदर्शन किया है, इसलिए उन्हें पता है कि ऊंचे स्तर पर कैसा प्रदर्शन करना होता है। हम उन्हें टीम में शामिल करने और हैम्पशायर की जर्सी में खेलते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं, क्योंकि हम इस प्रतियोगिता में पिछले साल से बेहतर प्रदर्शन करना चाहते हैं।"
27 वर्षीय बैटिंग ऑलराउंडर ने आईपीएल में अब तक कुल 3 सीजन खेले हैं। साल 2024 में आशुतोष ने पंजाब किंग्स की तरफ से खेलते हुए 11 मुकाबलों की 9 पारियों में 27 की औसत के साथ 189 रन बनाए। इस दौरान एक अर्धशतक भी लगाया।