भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि टेस्ट कप्तान शुभमन गिल आने वाले वर्षों में भारतीय टेस्ट टीम की बल्लेबाजी की अगुवाई कर सकते हैं। अश्विन ने कहा कि अगर गिल लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं तो वह भारत की नई टेस्ट टीम को मजबूत बनाने में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ के पीसीए न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है। इस मुकाबले से पहले अश्विन ने शुभमन गिल की कप्तानी और बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की। अश्विन ने 'जियोहॉटस्टार' से कहा, "शुभमन गिल ने इंग्लैंड में शानदार सीरीज खेली। जैसे ही उन्हें कप्तान बनाया गया, वह वहां गए और बल्ले और अपनी कप्तानी दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने मुश्किल हालात में रन बनाए और कप्तानी के दबाव को परिपक्वता के साथ संभाला। इससे उनकी क्लास और लंबी बैटिंग करने की उनकी क्षमता का पता चला। उन्होंने अपनी तकनीक पर कड़ी मेहनत की है, खासकर अपने बैट को पैड के पास रखने में जिससे उन्हें बैट और पैड के बीच का गैप कम करने में मदद मिली। इसी कारण वह घूमती गेंदों के खिलाफ ज्यादा मजबूत हो गए हैं।"
हालांकि, कप्तान बनने के बाद गिल ने अभी तक घरेलू मैदान पर कोई बड़ी पारी नहीं खेली है, लेकिन अश्विन को भरोसा है कि वह जल्द ही भारत में भी बड़े स्कोर बनाएंगे। उन्होंने कहा कि गिल में लंबी पारी खेलने की क्षमता है और वह आने वाले समय में भारतीय टेस्ट बल्लेबाजी की रीढ़ साबित हो सकते हैं।