BCCI Annual General Meeting: बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने शुक्रवार को भरोसा जताते हुए कहा कि पुरुष और महिला, दोनों के एशिया कप की ट्रॉफियां अंत में यहां बोर्ड के हेडक्वार्टर में ही रखी जाएंगी।
पिछले हफ्ते दुबई में एशिया कप फाइनल जीतने के बाद हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला टीम ने एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) प्रेसिडेंट मोहसिन नकवी से विनर मेडल और ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। मोहसिन नकवी पीसीबी चेयरमैन और पाकिस्तान के आंतरिक मामलों के मंत्री भी हैं। यह वैसा ही रवैया है जैसा पिछले साल एशिया कप जीतने के बाद भारतीय पुरुष टीम ने अपनाया था।
बीसीसीआई सचिव ने शुक्रवार को 95वीं सलाना आम बैठक (एजीएम) के बाद पत्रकारों संग बातचीत करते हुए कहा, "हमने पिछले हफ्ते दुबई में शानदार जीत के लिए अपनी महिला टीम को बधाई दी थी। उन्होंने जापान के खिलाफ पहला मैच बहुत अच्छे से जीता और हमें उम्मीद है कि वे इस महीने की 22 तारीख को एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीतेंगी।"