Asian Games: एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदक जीतने के अभियान को रविवार को और रफ्तार मिलेगी, जब कई भारतीय खिलाड़ी महत्वपूर्ण मुकाबलों में उतरेंगे।
भारतीय दल गुरुवार से ही गेम्स में हिस्सा ले रहा है और मेडल की दौड़ में शामिल है। शुरुआत में टेकबॉल ने सबका ध्यान खींचा है। क्विंसी जोआकिम डिसूजा और मोहम्मद अनस इमरान बेग ने शुरुआती दौर में सुर्खियां बटोरी हैं और अब वे मेडल के लिए मैदान में उतरेंगे। दोनों एथलीट मिक्स्ड डबल्स इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेंगे। उनका मुकाबला वियतनाम के जिया न्गी ट्रिन्ह और होआंग मिन्ह टैन गुयेन से होगा, जिनसे वे क्वार्टर फाइनल में हार गए थे।
इस बीच, क्विंसी के पास पदक जीतने का एक और मौका रहेगा। वह रविवार को जापान की युइना साकामोटो के खिलाफ व्यक्तिगत कांस्य पदक मुकाबले में उतरेंगी। रविवार को कई अन्य बड़े मुकाबले भी खेले जाएंगे। भारतीय महिला क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में बांग्लादेश से भिड़ेगी और एशियन गेम्स 2023 में जीता गया अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखने की कोशिश करेगी।