भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स 2026 का स्वर्ण पदक जीत लिया है। फाइनल में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 147 रन से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का स्वर्ण पदक अपने नाम किया। एशियन गेम्स 2026 में भारत का यह पहला स्वर्ण पदक है।
भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 10 ओवर में 99 रन की विस्फोटक साझेदारी की। वर्मा 29 गेंदों पर 3 छक्कों और 3 चौकों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुईं।
मंधाना नहीं रूकीं। बाएं हाथ की इस बल्लेबाज ने 45 गेंदों पर 7 छक्कों और 5 चौकों की मदद से 79 रन की पारी खेली। दूसरे विकेट के लिए उन्होंने हरमनप्रीत कौर के साथ 42 रन जोड़े। हरमन 19 रन बनाकर आउट हुईं। आखिरी ओवरों में विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष 22 गेंदों पर 3 छक्कों और 6 चौकों की मदद से नाबाद 49 रन बनाकर स्कोर 20 ओवर में 3 विकेट पर 216 तक पहुंचाया। उनके साथ भारती फूलमाली 7 रन बनाकर नाबाद रहीं।