पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सेमीफाइनल में 6 विकेट से हराकर एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट इवेंट के फाइनल में जगह बना ली है।
बारिश की वजह से गीले आउटफील्ड के कारण कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में 20 ओवर की जगह 13 ओवर का मैच खेला गया। पाकिस्तान को जीत के लिए 112 रन का लक्ष्य मिला था। पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। टीम के कप्तान और सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। माज सदाकत 7 गेंदों पर 15 और उस्मान खान 9 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद सईम अयूब ने 12 गेंदों पर 2 छक्कों और 1 चौके की मदद से 21 रन बनाकर लक्ष्य हासिल करने की गति बरकरार रखी।
6.1 ओवर में 53 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी पाकिस्तान की टीम को हसन नवाज और अब्दुल समद ने संभाला। दोनों ने 32 गेंदों पर नाबाद 59 रन की साझेदारी कर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। पाकिस्तान ने 11.3 ओवर में 4 विकेट पर 112 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया और एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में जगह बना ली।