भारत की प्राची चौधरी ने शनिवार को जापान में जारी 'एशियन गेम्स 2026' में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। उन्होंने 53.21 सेकंड का समय लेकर तीसरा स्थान हासिल किया। इसी के साथ आइची-नागोया में भारत के कुल मेडल की संख्या 30 तक (4 गोल्ड, 12 सिल्वर और 14 ब्रॉन्ज) पहुंच गई है।
महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में बहरीन की साल्वा ईद नासेर ने 49.20 सेकंड के फाइनल में गोल्ड मेडल अपने नाम करते हुए गेम्स रिकॉर्ड बनाया। वहीं, ईरान की जहरा जारी मनोजान (52.38 सेकंड) ने सिल्वर जीता। साउथ कोरिया की सियोयोन किम ने चौथा स्थान हासिल किया, जबकि भारत की किरण 53.41 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
अनिमेष कुजूर ने सेमीफाइनल में 20.81 सेकंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल करते हुए 200 मीटर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन ने 20.10 सेकंड में दौड़ पूरी करके खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया, जबकि कुजूर उनके बाद दूसरे स्थान पर रहे। पुरुषों की 100 मीटर दौड़ के फाइनल में जगह न बना पाने के बाद, भारतीय स्प्रिंटर अब 200 मीटर मेडल रेस में पहुंच गए हैं।