प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को एशियन पैरा गेम्स 2026 में पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट्स को बधाई देते हुए दृढ़ संकल्प, निरंतरता और खेल में उत्कृष्टता के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।
पीएम मोदी ने महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने और गेम्स रिकॉर्ड के साथ अपना खिताब बरकरार रखने के लिए दीप्ति जीवनजी को बधाई दी। इसके साथ पीएम ने मनीष नरवाल को भी सराहा, जिन्होंने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल एसएच1 स्पर्धा में देश के लिए सिल्वर जीता।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम मोदी के हवाले से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया, "एक ऐसी चैंपियन जो लगातार उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित कर रही हैं। दीप्ति जीवनजी ने एशियन पैरा गेम्स में महिलाओं की 400 मीटर टी20 स्पर्धा में एक बार फिर गोल्ड मेडल जीता है और शानदार गेम्स रिकॉर्ड के साथ अपना खिताब बरकरार रखा है। अपने प्रदर्शन को और बेहतर करते हुए खिताब को बचाए रखना वाकई एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने एक सच्चे चैंपियन की भावना का परिचय दिया है। उनकी सफलता अनगिनत युवा एथलीट्स को प्रेरित करेगी। मेरी बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"