ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का आगाज बांग्लादेश ने यादगार जीत के साथ किया है। डार्विन में खेले गए पहले टेस्ट में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराया था। हालांकि, टीम के हेड कोच फिल सिमंस ने अपनी टीम को चेतावनी दी है कि वे दूसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की जोरदार वापसी के लिए तैयार रहें। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने खेल को और बेहतर बनाने का आग्रह किया।
सिमंस ने साफ कहा कि डार्विन में मिली जीत भले ही बहुत बड़ी थी, लेकिन काम अभी पूरा नहीं हुआ है क्योंकि वे ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "मैंने उनसे बस यही कहा था और मैं इसे दोहराऊंगा भी कि ऑस्ट्रेलिया और जबरदस्त तरीके से वापसी करेगा। इसलिए हमें या तो उसी स्तर का प्रदर्शन बनाए रखना होगा या उससे थोड़ा बेहतर करना होगा। अगर हमें कुछ क्षेत्रों में 1 प्रतिशत भी बेहतर होना पड़े, तो हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि हम ऐसा करें। हालांकि, हम जानते हैं कि वे अपना खेल बदलेंगे। वे हम पर और जबरदस्त अटैक हमला करेंगे।"
टीम की काम करने की लगन पर बात करते हुए सिमंस ने कहा कि डार्विन में मैच से पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इलेवन के खिलाफ वॉर्मअप मैच में सिर्फ 54 रन पर ऑलआउट होने के बावजूद, टीम पर उनका भरोसा कभी कम नहीं हुआ। "मैंने देखा है कि तीन दिन के मैच से पहले हमने कैसे प्रैक्टिस की, और मैंने देखा है कि टेस्ट मैच से पहले के तीन दिनों में हमने कैसे प्रैक्टिस की। हमारा काम करने का तरीका नहीं बदला। भले ही हमने 54 रन बनाए - जो एक खराब दिन था - लेकिन काम करने की गति या लगन नहीं बदली। इससे मुझे यह भरोसा मिलता है कि खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं।"